फोटो 15जेएनडी13-इंडस ग्लोबल अकेडमी में वार्षिक खेल दिवस का शुभारंभ करते हुए मुख्यातिथि एडवोकेट
- फोटो : samvad
जींद। किनाना स्थित इंडस ग्लोबल अकादमी में वार्षिक खेल दिवस स्पोर्ट्स डे-2026 उत्साह के साथ मनाया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर अरावली हाउस ने ओवरऑल विजेता का खिताब हासिल किया। कार्यक्रम में हैफेड चेयरमैन एडवोकेट वीरेंद्र शर्मा और एडवोकेट विकास शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट कर खेल भावना और अनुशासन की शपथ ली। टॉर्च रिले और ट्रॉफी अनावरण समारोह के मुख्य आकर्षण रहे। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, स्पोर्ट्स थीम डांस और पंजाबी नृत्य की प्रस्तुतियां भी दीं।
खेल दिवस पर 100 मीटर दौड़, शॉटपुट, रिले रेस और रस्साकशी प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इनमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए भी विशेष रस्साकशी व दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
मुख्य अतिथि एडवोकेट वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। ग्रुप डायरेक्टर सुभाष श्योराण ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में आगे बढ़ने के अवसर दे रहा है।
ग्रुप कोऑर्डिनेटर प्रवीन परूथी, प्रधानाचार्य डॉ. संजीव तॉयल और हेडमास्टर जेएस सारंग ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान इंडस पब्लिक स्कूल जींद की डायरेक्टर रचना श्योराण और उप प्राचार्य प्रवीन फुटेला मौजूद रहे।