जींद। कॉलेजों में यूजी कोर्स में दाखिले के लिए अंतिम तारीख उच्चतर शिक्षा विभाग ने बढ़ाकर 16 कर दी है। अब विद्यार्थी दाखिले के लिए 16 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, आगामी शेड्यूल को लेकर और कोई अपडेट नहीं आई है। ऐसे में मेरिट लिस्ट और फीस भरने के शेड्यूल में बदलाव देखने को मिल सकता है।
अभी तक शहर के राजकीय पीजी कॉलेज में बीए आर्ट्स संकाय में निर्धारित 600 सीट पर 1068, बीए आर्ट्स इन इकोनॉमिक्स में 40 सीट पर 31, बीए आर्ट्स इन इंग्लिश में 40 सीटों पर 49, बीए आर्ट्स इन ज्योग्राफी में 40 सीट पर 71, बीए आर्ट्स इन हिस्ट्री में 40 सीट पर 37, बीबीए में 40 सीट पर 128 आवेदन आए हैं।
वहीं, बीकॉम में 220 सीट पर 251 आवेदन, बीसीए में 120 सीट पर 273, बैचलर ऑफ साइंस इन लाइफ साइंस में 150 सीट पर 239, बैचलर ऑफ साइंस इन फिजिकल साइंस में 300 सीट पर 177 और बैचलर ऑफ साइंस विद मेजर इन मैथमेटिक्स में 40 सीट पर 74 आवेदन आए हैं।
वहीं, राजकीय कॉलेज सफीदों में बीए आर्ट्स में 400 सीटों पर केवल 252, बीए आर्ट्स इन इंग्लिश में 40 सीटों पर आठ, बीकॉम में 160 सीटों पर 100, बैचलर ऑफ साइंस इन लाइफ साइंस संकाय में 60 सीट पर 71 और बैचलर ऑफ साइंस इन फिजिकल साइंस में 120 सीटों पर 38 आवेदन आए हैं।
वहीं, सरला मेमोरियल कॉलेज में बीए में निर्धारित 320 सीट पर 95, बीए ज्योग्राफी में 40 सीट पर चार और बीकॉम में 80 सीट पर 22 आवेदन आए हैं। अभी कॉलेजों में विद्यार्थियों के दस्तावेजों की जांच का भी कार्य चल रहा है।
पहले जारी हुए शेड्यूल के अनुसार पहली प्रोविजनल मेरिट लिस्ट 18 जून को लगनी थी, जबकि फाइनल मेरिट लिस्ट 19 जून को जारी होनी थी, लेकिन अब पहली मेरिट लिस्ट भी 16 जून के बाद भी लगेगी।
जींद में 17 राजकीय और निजी महाविद्यालयों सहित सीआरएसयू में यूजी कोर्स की लगभग साढ़े 11 हजार सीटें हैं। 12वीं कक्षा में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड और सीबीएसई से लगभग 15 हजार विद्यार्थी पास हुए हैं।
बॉक्स
दस्तावेजों की जांच का चल रहा कार्य
उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार कॉलेजों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की तारीख को बढ़ा दिया गया है। अब दाखिले के लिए इच्छुक विद्यार्थी पोर्टल पर 16 जून तक आवेदन कर सकते हैं। कॉलेज की कमेटी द्वारा दस्तावेजों की ऑनलाइन जांच की जा रही है। -डॉ. तनाशा हुड्डा, प्राचार्य राजकीय कॉलेज सफीदों।