संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि हरियाणा महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्यस्तरीय महिला पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 26 दिसंबर तक इच्छुक महिलाएं महिला एवं बाल विकास कार्यालय में आवेदन जमा करवा सकती हैं।
डीसी ने बताया कि इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के तहत एक लाख 50 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र, कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार के लिए एक लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र और बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के लिए एक लाख रुपये व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इसके अलावा लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड के लिए 51 हजार रुपये व प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आठ श्रेणियों में एएनएम, एमपीएचडब्ल्यू नर्स, महिला खिलाड़ी, साक्षर महिला समूह सदस्य, राजकीय कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता, महिला उद्यमी, स्त्री शक्ति पुरस्कार और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को 21-21 हजार रुपये व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। डीसी ने कहा कि महिलाएं अपने विभागाध्यक्ष के माध्यम से भी आवेदन कर सकती हैं।