संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। नेशनल मींस-कम-मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। विद्यार्थी एक से 31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल एनएमएमएस परीक्षा उत्तीर्ण कर लेने से छात्रवृत्ति नहीं मिलेगी। इसके लिए निर्धारित समय में नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर आवेदन करना अनिवार्य होगा।
नवंबर 2025 में एनएमएमएस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को जो अब कक्षा नौवीं में अध्ययनरत हैं उन्हें पंजीकरण कराना होगा। वहीं नवंबर 2024, 2023 और 2022 में परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थी जो वर्तमान में 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा में पढ़ रहे हैं उन्हें पोर्टल पर अपना नवीनीकरण कराना होगा।
एनएमएमएस परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को नौवीं से 12वीं कक्षा तक प्रत्येक वर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। यह छात्रवृत्ति लगातार चार वर्षों तक तभी मिलेगी, जब विद्यार्थी हर वर्ष समय पर पोर्टल पर नवीनीकरण कराएंगे।