सफीदों। प्रदेश सरकार ने पीएम श्री योजना की तर्ज पर राज्य में सीएम श्री स्कूल विकसित करने की घोषणा की है। सफीदों ब्लॉक के गांव कारखाना और भुसलाना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों का चयन किया गया है। इन स्कूलों में जल्द ही आधारभूत व आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होगा।
विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शिक्षण वातावरण मिल सकेगा। सीएम श्री योजना के तहत चयनित स्कूलों में पढ़ाई के स्तर को आधुनिक बनाने के लिए नई शिक्षा प्रणाली के अनुरूप सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से शिक्षा
उपलब्ध कराने के साथ-साथ 21वीं सदी की आवश्यक कौशल (स्किल्स) पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करना है ताकि बच्चों को निजी विद्यालयों जैसी सुविधाएं मिल सकें। सरकारी स्कूलों में हो रहे बदलावों से अभिभावकों में उत्साह है।