महाराष्ट्र में 30 जनवरी से किसानों के समर्थन में अनशन शुरू करने की घोषणा के बाद अनशन नहीं करने पर खटकड़ टोल प्लाजा पर बैठे किसान अन्ना हजारे को चिट्ठी लिखकर उनके अनशन करने की बात याद दिलाएंगे। चिट्ठी में यह पूछा जाएगा कि अन्ना हजारे अब कब अनशन करेंगे। इसके अलावा खटकड़ टोल प्लाजा पर घोषणा की गई कि बांगर की धरती से प्रतिदिन दस टैंकर पानी गाजीपुर और टीकरी बॉर्डर पर पहुंचाए जाएंगे। वहीं रविवार को हजारों की संख्या में आढ़ती, किसान, मुनीम तथा मजदूर गाड़ियों के काफिले के साथ दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर के लिए रवाना हुए।
रविवार को आढ़तियों, किसानों, मुनीम व मजदूरों ने खटकड़ टोल प्लाजा से दिल्ली तक कार रैली शुरू की। इसमें हजारों की संख्या में लोग गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचकर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को समर्थन देने के लिए रवाना हुए। गाड़ियों का काफिला काफी देर तक खटकड़ टोल प्लाजा पर रुका, इसके बाद यह लोग यहां से रवाना हो गए। वहीं जुलाना में भी यह काफिला काफी देर तक रुका। यहां आढ़तियों का स्वागत किया गया और यहां से भी काफी संख्या में आढ़ती काफिले के साथ दिल्ली रवाना हुए। आढ़तियों ने कहा कि तीनों कृषि कानून न तो किसान के हक में हैं और न ही आढ़ती के हक में। केंद्र सरकार को अपनी हठधर्मिता छोड़कर इन कानूनों को तुरंत रद्द करना चाहिए।
इस मौके पर वीरेंद्र संदलाना, रामनिवास दनौदा, बलराज श्योकंद, सत्यनारायण मखंड, रामदत्त डाहोला, ब्रह्मजीत घोघडिय़ा, सुरेश बुडायन, शीला जैन, राजा बुडायन, जितेंद्र श्योकंद, लाभ काब्रच्छा, रामकुमार घोघड़ियां, नरेंद्र डूमरखां, रमेश श्योकंद, सुरेश सुरबरा, सुरेश खरकभूरा, रोशन लाल घोघड़ियां, संजय शर्मा, सतपाल करसिंधु, रामकुमार करसिंधु, सुभाष गर्ग, अनूप श्योकंद, अमित कापड़ो और ईश्वर श्योकंद भी मौजूद रहे।
गाजीपुर बॉर्डर पर पानी की सप्लाई बंद करने का विरोध करते हुए बांगर के लोगों ने एलान किया कि सोमवार से प्रतिदिन दस पानी के टैंकर गाजीपुर बॉर्डर पर भेजे जाएंगे। अब बॉर्डर पर बैठे किसानों को बांगर का पानी पिलाया जाएगा। भाकियू के जिला प्रधान आजाद पालवां ने कहा कि राकेश टिकैत को उनके गांव के लोगों ने गांव से पानी लाकर पिलाया था। अब बांगर के लोग भी राकेश टिकैत व अन्य किसानों को पानी पिलाएंगे। वहीं पालवां ने कहा कि सोमवार को चिट्ठी लिखकर अन्ना हजारे को किसानों के पक्ष में शुरू किए जाने वाले अनशन की याद दिलाई जाएगी। पालवां ने कहा कि अन्ना हजारे ने 30 जनवरी से किसानों के समर्थन में अनशन शुरू करने का एलान किया था, लेकिन अभी तक अनशन शुरू नहीं किया।