जींद। निडानी गांव में पत्नी के मायके पहुंचे सेना के जवान साहिल पर हवाई फायरिंग करने, मारपीट करने और अपने तीन साल के बेटे को जबरन ले जाने का प्रयास करने का आरोप लगा है।
विरोध करने पर आरोपी ने पत्नी की दादी केला देवी के साथ मारपीट की, जिससे उनका हाथ टूट गया। उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। आरोपी ने कथित तौर पर 6-7 राउंड हवाई फायर किए और पिस्टल लेकर गली में घूमता रहा। सदर थाना पुलिस ने आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल उसके पिता की लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद की है।
केला देवी के अनुसार, उनकी पोती नेहा की शादी करीब चार साल पहले माल सिवाह निवासी साहिल के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही उसे परेशान किए जाने लगा। विवाद को लेकर कई बार पंचायतें हुईं लेकिन समाधान नहीं निकला। करीब तीन महीने पहले नेहा अपने तीन साल के बेटे के साथ मायके निडानी आ गई थी। पति-पत्नी के बीच तलाक का मामला भी चल रहा है।
शिकायत के मुताबिक, 27 अक्टूबर की सुबह केला देवी पड़ोसी के मकान में अपने नाती के साथ बैठी थीं। इसी दौरान साहिल वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने के बाद गोद में खेल रहे बच्चे को जबरन छीनने लगा। विरोध करने पर उसने केला देवी के साथ लात-घूंसों से मारपीट की और गोली मारने की धमकी दी। संवाद