05जेएनडी05: अधिकारियों व कर्मचारियों को दिशा निर्देश देते हुए रिटर्निंग अधिकारी वीरेंद्र सहरा
जींद। विधानसभा चुनाव-2024 के लिए 5 सितंबर से सभी पांच विधानसभा जींद, सफीदों, उचाना, नरवाना के एसडीएम कार्यालयों व जुलाना के लिए डीआरडीए हॉल में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। सभी निर्वाचन अधिकारियों ने नामांकन प्रक्रिया से संबंधित अपनी तैयारी पूरी कर ली है। वीरवार को जुलाना, सफीदों, जींद, नरवाना में किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन दाखिल नहीं किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि 5 सितंबर को सुबह 11 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू की गई है। सभी निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में नामांकन का कार्य आरंभ किया गया। शनिवार को भी नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी। आठ सितंबर को रविवार को अवकाश रहेगा। उम्मीदवार 12 सितंबर को दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र जमा करवा सकते हैं। उसके बाद किसी प्रत्याशी का नामांकन पत्र नहीं लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नामांकन पूरी तरह से भरकर जमा करवाएं। चार पासपोर्ट साइज फोटो व सफेद बैकग्राउंड के साथ एक पोस्टकार्ड साइज फोटो व उसकी सॉफ्ट कॉपी लेकर आएं। एक उम्मीदवार निर्वाचन अधिकारी के पास चार फॉर्म जमा करवा सकता है। किसी प्रत्याशी ने पिछले दस वर्षों में सरकारी आवास का इस्तेमाल किया है तो उसे टेलीफोन, बिजली, पानी व घर के किराये का नो ड्यूज सर्टिफिकेट देना होगा। एक उम्मीदवार नामांकन के समय चार लोगों को नोमिनेशन कक्ष में साथ ला सकता है। उम्मीदवार तीन वाहन साथ ला सकता है। वे भी एसडीएम कार्यालय से सौ मीटर की दूरी पर रहेंगे।
जींद विधानसभा के रिटर्निंग अधिकारी वीरेंद्र सहरावत ने नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए लगाए गए प्रत्येक डेस्क की बारीकी से जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि नामांकन दाखिल करने आए प्रत्याशी को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
05जेएनडी05: अधिकारियों व कर्मचारियों को दिशा निर्देश देते हुए रिटर्निंग अधिकारी वीरेंद्र सहरा