नरवाना। राजकीय महाविद्यालय में विश्व एड्स दिवस पर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से व्याख्यान एवं मानव श्रृंखला कार्यक्रम हुआ। इसमें नागरिक अस्पताल नरवाना के काउंसलर संदीप श्योकंद ने विद्यार्थियों को एड्स संबंधी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एड्स लाइलाज बीमारी है जो एचआईवी वायरस से शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता कम कर देती है। यह बीमारी संक्रमित रक्त, संक्रमित सुई, असुरक्षित संबंधों व संक्रमित मां से शिशु में प्रसव और स्तनपान के दौरान फैलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को मुफ्त व गोपनीय परामर्श के लिए टोल फ्री नंबर 1097 पर संपर्क करने की सलाह दी।
कार्यक्रम संचालक जयपाल सिंह आर्य ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नैतिक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य डॉ. मीनू सिंह ने कहा कि जीवन में हर समय सजग रहना आवश्यक है। इस दौरान प्रो. शैलेंद्र नैन, राजरानी, सुमन, कनिका, अनुपमा और राजीव मौजूद रहे।