फोटो 20 नरवाना। छात्रों को सम्मानित करते हुए अग्रवाल वेश्य समाज के सदस्य। स्रोत संस्था।
नरवाना। अग्रवाल वैश्य समाज नरवाना की ओर से 10वीं और 12वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में महाराजा अग्रसेन विद्या अवॉर्ड-2026 समारोह का आयोजन आदर्श बाल मंदिर उच्च विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेता एवं प्रवक्ता नरेंद्र गर्ग मुख्य अतिथि और प्रमुख समाजसेवी अचल मित्तल कार्यक्रम अध्यक्ष रहे।
संस्था अध्यक्ष अर्जुन गोयल ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड और सीबीएसई परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार कर उन्हें सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने राजस्थानी और हरियाणवी संस्कृति और रानी लक्ष्मीबाई के जीवन पर आधारित नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
मुख्य अतिथि नरेंद्र गर्ग ने कहा कि विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों पर मिलने वाला सम्मान उन्हें आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा और आत्मविश्वास देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और प्रतिभा के बल पर परिवार व समाज का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष अचल मित्तल ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। महासचिव राहुल बंसल ने अतिथियों, विद्यालय संचालकों और गणमान्य लोगों का आभार जताया। इस दौरान मनीष गुप्ता, जोनी सिंगला, विशाल सिंगला, अशोक गोयल, वरुण गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। संवाद