जींद। शहर की पहचान रानी तालाब को एक बार फिर गुलजार करने के लिए प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत एक साल बाद फिर से रानी तालाब में किश्तियां चलाई जाएंगी। इसके लिए आठ मार्च को टेंडर खुलेगा। यह स्थल शहर का केंद्र बिंदु है।
रानी तालाब को करीब तीन साल पहले दो करोड़ रुपये की लागत से रानी तालाब का सुंदरीकरण किया गया था। इसके बाद रानी तालाब में करीब नौ फीट तक पानी भरा गया और किश्तियां चलाने के लिए टेंडर निकाले। काफी मशक्कत के बाद एक ठेकेदार को पांच हजार रुपये प्रति महीना के ठेके पर लाया गया। कोरोना संक्रमण के कारण लागू लॉकडाउन के कारण यहां किश्तियां चलनी बंद हो गई थी, ऐसे में प्रशासन दोबारा से इस स्थान को गुलजार करने की तैयारी में जुट गया है।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
जिले में पर्यटन के लिए काफी संभावनाएं हैं, लेकिन इन पर काम नहीं हो पा रहा है। रानी तालाब पर संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इसके तहत रानी तालाब पर शानदार परिक्रमा बनाई गई है तो सुंदर रोशनी लगाने का काम भी किया जा रहा है। ऐसे में किश्तियां चलने के बाद रानी तालाब पर्यटकों को आकर्षित करेगा।
पहले भी यही लगता था कि जींद में लोग रुचि नहीं लेंगे। इसके चलते ही बड़ी मुश्किल से ठेका दिया गया, लेकिन लोगों से अच्छा रिस्पांस मिला है। ऐसे में इस बार ठेका भी अधिक राशि में जाने की उम्मीद है। - सुनील वशिष्ठ, अन्ना, टीम।
रानी तालाब में किश्तियां चलाने के लिए टेंडर निकाले गए हैं। इसमें आठ मार्च को टेंडर खोले जाएंगे। जींद के लोगों को बेहतर पर्यटन स्थल मिलेगा। - राजेश कुमार, एसडीएम जींद