संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिले में बीते चार दिन से छाई घनी धुंध और शीतलहर के बाद बुधवार को आमजन को बड़ी राहत मिली। सुबह के समय आसमान साफ रहा और तेज धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। धुंध कम होने के कारण दृश्यता बेहतर रही। इससे सड़कों पर यातायात सामान्य रूप से चल सका और बाजारों, सड़कों पर रौनक नजर आई।
पिछले कई दिनों से लगातार धुंध छाए रहने के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था। सुबह और शाम के समय दृश्यता बेहद कम हो जाने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई स्थानों पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। वहीं, स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों को भी सर्दी व धुंध के कारण दिक्कतें झेलनी पड़ रही थी।
बुधवार को धूप निकलने से लोग खरीदारी के लिए बाहर निकले और बाजारों में चहल-पहल बढ़ी।वहीं, मौसम में सुधार का सबसे अधिक फायदा किसानों को होता दिखाई दे रहा है। लगातार नमी और धुंध के कारण किसान फसलों में कीटनाशक का छिड़काव और खाद डालने का कार्य नहीं कर पा रहे थे।
धुंध की वजह से खेतों में फफूंद और रोग लगने की आशंका भी बढ़ गई थी लेकिन मौसम साफ होने से अब किसान अपनी रुकी हुई कृषि गतिविधियां दोबारा शुरू कर सकेंगे। धूप निकलने से खेतों में नमी कम होगी। इससे फसलों को नुकसान से बचाया जा सकेगा।
किसान में राहत मिलने की उम्मीद जगी
मौसम साफ रहने से गेहूं, सरसों और चने जैसी रबी फसलों में रोग नियंत्रण के लिए उचित समय पर कीटनाशक का छिड़काव किया जा सकेगा। साथ ही, खाद डालने का कार्य भी सुचारू रूप से किया जा सकेगा। इससे फसलों की बढ़वार बेहतर होगी। बीते कई दिनों से मौसम ठीक न होने के कारण किसान चिंतित थे लेकिन अब उन्हें राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
वर्जन
आने वाले दिनों में ठंड रहने की संभावना है लेकिन फिलहाल धुंध से राहत मिलने से आमजन ने राहत महसूस की है। आगामी एक से दो दिन मौसम साफ रहने की उम्मीद है। किसान खेतों में जरूरी काम धूप निकलने से जल्दी निपटा सकते हैं।
-डॉ. राजेश कुमार, मौसम वैज्ञानिक