बाजारों में बिना मास्क लगाए घूम रहे लोग।
- फोटो : Jind
जींद। जिले में शनिवार को 23 नए कोरोना केस आए हैं। जबकि,74 मरीज ठीक हुए हैं। 53 दिन बाद राहत भरी खबर यह है कि शनिवार को किसी भी कोरोना संक्रमित की मौत नहीं हुई है। 14 अप्रैल के बाद जिले में लगातार एक दिन भी ऐसा नहीं गया, जब किसी कोरोना संक्रमित की मौत नहीं हुई हो। 14 अप्रैल से पहले नौ दिन ऐसे गुजरे थे जब किसी की मौत नहीं हुई थी। धीरे-धीरे जिले में कोरोना संक्रमण के मामले सिमटते जा रहे हैं।
कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. पालेराम कटारिया ने बताया कि शनिवार को 53 दिन बाद बड़ी राहत यह है कि जिले में किसी कोरोना संक्रमित की मौत नहीं हुई है। शनिवार को जिला स्वास्थ्य विभाग को 805 लोगों की रिपोर्ट मिली। इनमें से 23 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जबकि 74 लोग ठीक भी हुए हैं। जिले में शनिवार को संक्रमण की दर 2.83 प्रतिशत रही, जोकि तीन महीने में सबसे कम है। जिले में अब तक 20933 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 20132 लोग ठीक हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट भी 96.17 प्रतिशत पहुंच गया है। डॉ. कटारिया ने बताया कि अब तक जिले में 509 लोगों की मौत हो चुकी हैं। इस समय जिले में 352 एक्टिव मामले हैं। उम्मीद है 15 जून तक जिला कोरोना से मुक्त हो जाएगा। लोगों को लगातार कोरोना गाइडलाइन का पालन करना होगा, तभी हम जिला को कोरोना मुक्त कर सकते हैं।
बाजारों में बिना मास्क के घूम रहे लोग
एक तरफ जहां जिला के लोगों को कोरोना से राहत मिलती जा रही है, वहीं अब भी लोग मास्क तथा शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं कर रहे हैं। बाजारों में लोग बिना मास्क के घूमते देखे जा सकते हैं। ऐसे लोग फिर से संक्रमण को दावत दे रहे हैं। जिले में फिलहाल लॉकडाउन लगा हुआ है तथा एक तरफ की दुकानें ऑड-इवन के फार्मूले के साथ खुलती हैं। इसके बावजूद काफी लोग लापरवाही बरत रहे हैं।
लोगों को लगातार सावधानी बरतने की जरूरत है। बाजारों में भीड़ करना काफी नुकसानदायक साबित हो सकता है। कोरोना की दूसरी लहर में काफी जानी नुकसान हुआ है, यदि लोग इस समय भी भीड़ कर रहे हैं तो वह संक्रमण को बढ़ावा दे रहे हैं। लोगों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करना चाहिए। मास्क लगाना अभी बहुत जरूरी है और शारीरिक दूरी रखना भी।
--डॉ. मनजीत सिंह, सिविल सर्जन।