जींद। बिना कागज और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की अब खैर नहीं। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुधारने और सड़कों पर अनुशासन बढ़ाने के लिए एक नई डिजिटल व्यवस्था लागू की है। अब नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों का पुलिस मौके पर ही ऑनलाइन चालान करेगी।
पुलिस ने वाइलेंस ऑन कैमरा एप शुरू किया है। यह एप यातायात पुलिस के मोबाइल फोन में इंस्टाल होगा। शहर के चौक-चौराहे या अन्य जगह जहां भी वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते मिले तो वाहन की नंबर प्लेट की फोटो लेकर पूरी जानकारी के साथ एप पर अपलोड की जाएगी। इसके तुरंत बाद ही उस वाहन का चालान जारी हो जाएगा।
अब पुलिस को वाहन चालकों के साथ बहसबाजी करने की जरूरत नहीं पड़ेगी क्योंकि कई बार चालक कागजात न होने पर बहानेबाजी करते हैं या फिर मौके से निकल जाते हैं। नई प्रणाली लागू होने के बाद चालान की प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और ऐसे लोगों पर अंकुश लगेगा।
वाहन चालक का नंबर प्लेट स्कैन करके उसके पूरे विवरण पोर्टल पर उपलब्ध हो जाएंगे। इस प्रक्रिया से पुलिस को न तो कागजी कार्रवाई में समय खर्च करना पड़ेगा और न ही वाहन चालक को लंबी प्रक्रिया से गुजरना होगा। ऑनलाइन चालान के साथ-साथ संबंधित वाहन मालिक के मोबाइल नंबर पर भी चालान की सूचना भेजी जाएगी।
नियम तोड़ने वाले वाहनों की तस्वीर अपलोड करने की व्यवस्था से पुलिस को सबूत भी मिलेंगे जिससे चालान का विरोध कम होगा। कई बार वाहन चालक चालान को लेकर विवाद करते हैं लेकिन फोटो प्रमाण उपलब्ध होने से यह समस्या खत्म ही हो जाएगी। पुलिस ने इसको लेकर गाइडलाइन भी जारी कर दी गई है और प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में यह व्यवस्था पूरे जिले में लागू कर दी जाएगी।
लापरवाही से होते हैं सड़क हादसे
सड़क हादसों का एक बड़ा कारण लापरवाही और बिना दस्तावेजों के वाहन चलाना है। कई मामलों में चालकों के पास लाइसेंस या आरसी तक नहीं होती। इससे न केवल चालक अपनी जान जोखिम में डालता है बल्कि अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। डिजिटल चालान प्रणाली लागू होने से न केवल ऐसे चालकों पर शिकंजा कसा जा सकेगा बल्कि लोगों में दस्तावेज पूरे रखने की जागरूकता भी बढ़ेगी।
वर्जन
बिना कागज के या नियमों के खिलाफ वाहन चलाने वाले लोगों के अब यातायात पुलिस ऑनलाइन चालान करेगी। पुलिस वाहन की नंबर प्लेट का फोटो लेकर उससे संबंधित जानकारी को पोर्टल पर अपलोड करेगी। उसके तुरंत बाद ही चालान जारी हो जाएगी।
-शमशेर सिंह, प्रभारी, यातायात पुलिस थाना, जींद