जींद। सरकारी विभागों की लापरवाही पर माजरा खाप ने रोष जताया है। प्रधान गुरविंदर सिंह संधू माजरा खाप पंचायत, महेंद्र सिंह सहारण सचिव ने कहा कि सफीदों रोड बदहाल स्थिति में है और गांवों में पेयजल नहीं मिल रहा है। विभाग कागजों में विकास दिखा रहा है लेकिन धरातल पर कुछ भी नहीं दिखाई देता।
उन्होंने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से हर घर में पानी देने की योजना शुरू हुई थी। सभी घरों में पानी के कनेक्शन करके पानी पहुंचाना था। इसको लेकर ग्रामीणों में खुशी थी लेकिन आज तक घरों में पानी नहीं आया। कुछ गांवों में तो जलघर तो दूर की बात ट्यूबवेल भी पीने के पानी के लिए नहीं लगाए गए। गांव में पेयजल नहीं होने के बावजूद विभाग बिल भेज रहा है।
प्रेस प्रवक्ता समुद्र सिंह फोर ने कहा कि जब तक गांव में पानी की सप्लाई शुरू नहीं होती तो उपभोक्ता बिल का भुगतान क्यों करे। इसको लेकर गांव के लोग डिप्टी स्पीकर से भी मिले थे। जिन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए थे।
पीडब्ल्यूडी विभाग कागजों में रोड की मरम्मत करता है लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हो रहा। सफीदों रोड के हालात बदत्तर हो चुके हैं। आए दिन दुर्घटना होने का डर रहता है। उन्होंने कहा कि इस रोड को चौड़ा करवाने के लिए न तो जिले से संबंधित मंत्री और न डिप्टी स्पीकर और न ही कोई विधायक। इसकी तरफ ध्यान नहीं दे रहा। इस कारण प्रतिदिन हजारों वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संवाद