जींद। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर दी है। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि बताया कि स्वास्थ्य विभाग को जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाओं, ओआरएस, पेयजल, बर्फ, कूलर और बिजली बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। भीषण गर्मी से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए विशेष वार्ड तैयार रखने और एंबुलेंस सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग को स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
भीषण गर्मी से बचाव के उपाय
-अधिक से अधिक पानी एवं तरल पदार्थों का सेवन करें।
-घर से बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढकें।
-हल्के रंग के सूती एवं ढीले कपड़े पहनें।
-नींबू पानी, छाछ एवं फलों के रस का सेवन करें।
-बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।
-धूप में कार्य करने वाले लोग समय-समय पर छांव में आराम करें।
-कमजोरी, चक्कर या अत्यधिक प्यास महसूस होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
-दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक घर से बाहर न निकलें।