चाचा का लड़का बताकर दो लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने यूपी के वाराणसी निवासी सागर नटराज को काबू कर उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
19 नवंबर को साइबर क्राइम थाना पुलिस को रामराय गांव निवासी सुरेश ने बताया था कि वह खेतीबाड़ी करता है। 27 मई को उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप काॅल आई और कॉल करने वाले ने बताया कि वह कनाडा से उसका चाचा का लड़का बोल रहा है। सुरेश ने बताया कि उसका चाचा का लड़का कनाडा में रहता है, उसने सोचा वही बोल रहा है। फोन करने वाले ने कहा कि उनके एजेंट का रिश्तेदार बीमार है और दिल्ली अस्पताल में दाखिल है और उसे रुपये की जरूरत है। उसने बैंक का खाता नंबर दे दिया।
सुरेश ने अपने बेटे को बैंक में भेजकर आरोपी द्वारा बताए गए बैंक में दो लाख की आरटीजीएस करवा दी। रुपये डलवाने के बाद उसने व्हाट्सएप कॉल की तो नहीं मिली। इसके बाद नंबर बंद आने लगा। जब उसने अपने चाचा राममेहर से संपर्क किया और उससे बात की तो पता चला कि उसके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी हो गई। जांच अधिकारी एएसआई रामनिवास ने बताया कि पुलिस ने मामले में आरोपी सागर नटराज को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है।