28 जनवरी को चाकू से गोदकर की थी हत्या, अब तक पांच आरोपी हो चुके गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। रानी तालाब पर 28 जनवरी को चाकू से गोदकर युवक की हत्या के मामले में आरोपी बरसोला निवासी गुरतेज को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
28 जनवरी को लुदाना निवासी अजमेर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि रोहित गांव के ही अपने दोस्त नितिन व मोहित के साथ रानी तालाब के नजदीक कैफे में आया था। यहां कुछ लड़कों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। रोहित कैफे से जान बचाने के लिए अपने दोस्तों के साथ रानी तालाब की सीढि़यों पर चला गया। हमलावर लड़कों ने उनका पीछा कर चाकू से रोहित पर वार कर दिए। हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया था। नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मामले में पुलिस की चार टीमें गठित कर जांच शुरू की थी। डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज पीएसआई आशीष कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल बरसोला निवासी गुरतेज को गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी चार आरोपियों अपराही मोहल्ला सागर, शुभम, सौरभ व संदीप को जेल भेजा जा चुका है। हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है।