जींद जिले के जलालपुर खुर्द गांव में 27 जून की रात खेतों में शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में 42 वर्षीय बलजीत उर्फ बादल की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया है। हिमांशु को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड के दौरान पुलिस अन्य दो नामजद आरोपियों, मनीष और विजय, के बारे में पूछताछ करेगी, जो अभी फरार हैं। इस मामले की जानकारी एएसपी सोनाक्षी सिंह ने प्रेस वार्ता में दी।
ये था मामला
बीते 27 जून की रात जलालपुर खुर्द के खेतों में बलजीत उर्फ बादल की ईंटों से मारकर हत्या कर दी गई थी। सुबह उसका शव खेत में खून से लथपथ मिला, जिसके सिर और चेहरे पर ईंटों के गहरे निशान थे। घटनास्थल पर खून से सनी ईंट, शराब और बीयर की बोतलें भी बरामद हुईं। मृतक की बाइक और मोबाइल फोन भी गायब थे। परिजनों के अनुसार, बलजीत 27 जून की शाम घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। अगली सुबह उसका शव खेत में मिला।