शहर के सफीदों रोड पर खाने का बिल मांगने पर चिकन कार्नर के कारिंदे को गोली मारकर घायल करने के दोनों आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया।
जहां से अदालत ने आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से हत्या में प्रयोग किए गए पिस्तौल को बरामद करेगी।
झांझ गेट निवासी सौरभ ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 दिसंबर की रात को उनके सफीदों रोड चिकन कार्नर पर अर्बन एस्टेट निवासी जोगेंद्र व वीरेंद्र पहुंचे। जहां पर उन्होंने चिकन व खाना खाया। इसके बाद बिना बिल दिए ही अपनी गाड़ी में जा बैठे।
इसके बाद जब चिकन कार्नर मालिक कुलदीप ने पैसे मांगे तो आरोपियों ने बताया कि वह पैसे वेटर को दे आए। इस पर उसने वेटर को बुलाया तो उसने बताया कि आरोपियों ने पैसे नहीं दिए। इसके बाद आरोपी झगड़ा करने लगे।
इस दौरान गाड़ी में बैठे आरोपी जोगेंद्र ने अपने पास मौजूद पिस्तौल से फायर कर दिया। गोली उसके पांव में जा लगी। बाद में आरोपी गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अर्बन एस्टेट निवासी जोगेंद्र, वीरेंद्र के खिलाफ जानलेवा हमला करने तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया। जहां से दोनों आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।