जींद। निर्जन गांव के बाईपास पर स्थित जमीन पर कथित तौर पर जबरन कब्जा करने की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने तीन को नामजद कर अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
अर्बन एस्टेट निवासी अर्जुन सिंह ने एफआईआर में बताया कि उन्होंने वर्ष 2011 में निर्जन गांव निवासी रामकुमार से जमीन खरीदी थी। जमीन की सरकारी औपचारिकताएं पूरी करवाने के बाद वर्ष 2017 में इसकी रजिस्ट्री करवाई थी। जमीन का कब्जा उन्हें वर्ष 2011 में ही मिल गया था। आरोप लगाया कि 13 नवंबर को जब वह अपनी जमीन पर पहुंचे तो साधू निवासी मनोहरपुर, सुरेश निवासी कोथ और प्रदीप कुछ अन्य लोगों के साथ वहां मौजूद थे। आरोप है कि उनके साथ आए कुछ लोग हथियारों से लैस थे और उन्होंने जबरन दीवार खींचकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।