घायलों को राहगीरों ने जींद के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। वहीं पीसीआर चालक मेडिकल करवाने पर नशे की हालत में पाया गया है।
पुलिस पीसीआर तथा बाइक की भिड़ंत में घायल युवकों को देखकर मौके पर उपस्थित गुस्साए लोगों ने पुलिस गाड़ी पर पथराव कर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया।
ग्रामीणों द्वारा गाड़ी पर पथराव करते देख पीसीआर चालक पुलिस कर्मचारी ने भागने में ही भलाई समझी। मामले को गंभीर होते देख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को खदेड़कर मामले को शांत करवाया।
राहगीरों का कहना था कि पीसीआर पर नियुक्त चालक द्वारा शराब के नशे में होने के कारण ही बाइक को टक्कर लगी है। घटना की सूचना मिलते ही अलेवा थाना प्रभारी तथा नगूरां पुलिस चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी वीरेंद्र सिंह सांगवान ने कहा कि लोगों की शिकायत के आधार पर जब अलेवा थाना प्रभारी रामनिवास द्वारा उक्त चालक का मेडिकल करवाया तो नशे में पाया गया। जिसके चलते विभाग ने उक्त चालक को लाईन हाजिर कर विभागीय जांच शुरू कर दी है।