निडाना गांव में शोक जताने पहुंचे दिल्ली के मंत्री और अन्य आप नेता।
- फोटो : bureau
तीन दिन पहले निडाना में कुआं खोदते वक्त हुई पांच युवकों की मौत के बाद दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री संदीप कुमार और आम आदमी पार्टी हरियाणा के अध्यक्ष नवीन जयहिंद शोक जताने गांव पहुंचे। समाज कल्याण मंत्री संदीप कुमार ने कहा कि यह घटना प्रदेश में जलसंकट के हालात को बता रही हैं। इस मौके पर आप के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि इन युवकों की मौत सरकार द्वारा प्रायोजित हत्या है। प्रदेश में जिस तरह जलसंकट है, यह साफ दिखाई दे रहा है। वहीं मंत्री ने कहा कि यहां के लोगों से बातचीत के बाद सामने आया है कि सरकार इस प्रकार की घटनाओं और लोगों को पेयजल देने के लिए संवेदनशील नहीं है। मंत्री संदीप कुमार ने कहा कि जिस दिन यह घटना हुई क्षेत्र के सांसद आसपास के गांवों में मुख्यमंत्री की रैली का प्रचार करते रहे और निडाना आकर लोगों के आंसू पोंछने की जरूरत नहीं समझी। उन्होंने कहा कि वे दिल्ली जाकर सरकार को पत्र लिखेंगे, जिसमें आश्रितों को 20-20 लाख रुपये की मदद और एक-एक सरकारी नौकरी देने की मांग की जाएगी। आप के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि 23 मई को जुलाना में होने वाली मुख्यमंत्री की रैली में मुख्यमंत्री के समक्ष इस मुद्दे को उठाया जाएगा। नवीन जयहिंद ने कहा कि सरकार रैलियों और दिखावे पर पैसा खर्च करने की बजाये लोगों पेयजल मुहैया करवाए।
महाराष्ट्र के लातूर जैसे हालात
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि हरियाणा में महाराष्ट्र के लातूर जैसे हालात बने हुए हैं। प्रदेश सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। इन लोगों ने मांग की कि समय रहते सरकार जलसंकट के लिए स्थाई समाधान बनाए। इस दौरान नवीव जयहिंद ने कहा कि मृतकों के बच्चों की पढ़ाई के लिए आम आदमी पार्टी लोगों एकत्रित कर एक लाख रुपये की मदद करेगी।