सोनीपत। गूगल से ट्रांसपोर्ट कंपनी का नंबर लेकर वाहन बुक कराने वाले कंपनी के अकाउंटेंट के साथ एक लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई। साइबर ठगों ने फर्जी वेबसाइट और नकली दस्तावेजों के आधार पर वारदात को अंजाम दिया। साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जींद के गांव खरक गागर निवासी संदीप ने साइबर थाना में मुकदमा दर्ज कराया है कि वह बरोदा की कंपनी श्री गुरु गोरखनाथ स्कैफोल्डिंग में अकाउंटेंट हैं। उन्होंने तेलंगाना राज्य के लिए वाहन बुक करने के लिए गूगल पर जानकारी तलाशी थी। उन्हें जस्ट डायल पर उज्जवल शर्मा का मोबाइल नंबर मिला।
उसने खुद को ट्रांसपोर्ट कंपनी का प्रतिनिधि बताया और कंपनी का विजिटिंग कार्ड भी भेजा। उसके बाद उज्जवल ने उन्हें दयानंद तिवारी का नंबर देकर उससे बात करने को कहा। उसने कहा था कि यह बुकिंग संभाल रहा है। बातचीत के बाद उसने एक गाड़ी का नंबर व एक मोबाइल नंबर दिया।
संदीप ने पुलिस को बताया कि 28 सितंबर की रात पौने 11 बजे गाड़ी बरोदा स्थित फैक्टरी पर पहुंची और सुबह साढ़े तीन बजे तक माल लोड किया गया। उसने एडवांस भुगतान की मांग की और ट्रांसपोर्ट कंपनी का नाम व खाता नंबर दिया। उन्होंने दो बार में 50-50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में चालक ने कहा कि भुगतान नहीं हुआ।
इसके बाद दयानंद का फोन बंद मिला। चालक भी गायब हो गया। तब संदीप को पता लगा कि वह साइबर ठगों के जाल में फंस गए हैं। पीड़ित ने हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि जिन खातों में रुपये डलवाएं हैं वह फर्जी कागजात पर खोले गए हैं। संवाद