जींद। बुढ़ाखेड़ा लाठर के खेत में बनाए जा रहे मकान में सो रहे युवक का कुछ युवकों ने अपहरण कर लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। बाद में उसे जुलाना छोड़कर फरार हो गए। जुलाना थाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर नौ युवकों को नामजद कर आठ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बुढ़ाखेड़ा लाठर निवासी अंकित ने जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भाई प्रवीण उसके साथी गांव अकालगढ़ निवासी बारू के साथ जुलाना गया हुआ था। जहां पर जूस पीने के दौरान दुकान पर कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी। रात में वह अपने खेत में निर्माणाधीन मकान में सोया हुआ था। देर रात में बाइक और गाड़ियों में आए युवकों ने पहले पथराव किया और फिर उसकी बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद आरोपी उसको बाइक पर लेकर जुलाना उसी दुकान पर गया, जहां पर उसकी कहासुनी हुई थी। किसी व्यक्ति के फोन करने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए। जुलाना थाना पुलिस ने अंकित की शिकायत पर कुलदीप, सुनील, कुलदीप, प्रिंस, नरेश, नहना, राकेश, प्रवीन और अजय को नामजद कर आठ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।