फोटो 5 नरवाना। नवदीप स्टेडियम में आग बुझाने पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी। संवाद।
नरवाना। नवदीप स्टेडियम के बैडमिंटन इनडोर हॉल में वीरवार शाम करीब 5:30 बजे अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और हॉल में रखे अन्य गद्दे भी इसकी चपेट में आ गए। आग लगने से पूरे हॉल में धुआं भर गया और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
लोगों ने तुरंत डायल-112 और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के समय हॉल में 1.54 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे जीर्णोद्धार कार्य के तहत छत बदली जा रही थी।
नवदीप स्टेडियम में इन दिनों मरम्मत कार्य के साथ आधुनिक सुविधाएं विकसित करने का काम चल रहा है। इसी के तहत बैडमिंटन हॉल की पुरानी छत हटाकर नई संरचना तैयार की जा रही थी। शाम को मजदूर लोहे के एंगल पर वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान वेल्डिंग से निकली चिंगारियां नीचे रखे पुराने गद्दों पर जा गिरीं, जिससे गद्दों ने आग पकड़ ली।
बैडमिंटन इनडोर हॉल में चल रहा मरम्मत और छत बदलने का काम
नवदीप स्टेडियम के कोच बीरबल ने बताया कि बैडमिंटन इनडोर हॉल में इन दिनों मरम्मत और छत बदलने का काम चल रहा है। वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारियां नीचे रखे पुराने गद्दे पर गिर गईं जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग अन्य गद्दों तक फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ी क्षति होने से बच गई।