जींद। नागरिक अस्पताल के जीर्णोद्धार पर लगभग 11 करोड़ रुपये खर्च किए जाने के बावजूद दिव्यांगों को जरूरी सुविधा नहीं मिल पाई। खासतौर पर नेत्रहीन और दूसरे दिव्यांगों की सुविधा के लिए अस्पताल के फर्श पर लगाई जाने वाली यूनिक (टेक्सटाइल) टाइल पट्टी नहीं लगाई गई।
यह अनदेखी तब सामने आई जब एक नेत्रहीन ने शिकायत संबंधित अधिकारियों से की। शिकायत के बाद फर्श फिर उखाड़कर दिव्यांगों के लिए यूनिक टाइल लगाई जाएगी। नागरिक अस्पताल के जीर्णोंद्धार के दौरान भवन को आधुनिक बनाने, नए वार्ड, ओपीडी, एमरजेंसी और अन्य सुविधाओं को बेहतर करने पर जोर दिया गया लेकिन दिव्यांगों की सुगम आवाजाही के लिए जरूरी व्यवस्थाओं को नजरअंदाज कर दिया गया।
नियमानुसार सार्वजनिक भवनों में नेत्रहीनों के लिए फर्श पर टेक्टाइल टाइल लगाई जाती है। इससे छड़ी या पैरों के स्पर्श से दिशा का अंदाजा लग जाता है। नागरिक अस्पताल जैसे बड़े और भीड़भाड़ वाले संस्थान में यह सुविधा जरूरी मानी जाती है। जब जीर्णोद्धार शुरू हुआ था तब अस्पताल की कमेटी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को निर्देश दिया था कि दिव्यांगों के लिए फर्श पर यूनिक टाइल लगाई जाए। इसके बावजूद निर्माण एजेंसी और पीडब्ल्यूडी ने निर्देश की अनदेखी कर दी।
बाक्स
दिव्यांग की शिकायत के बाद मामला अस्पताल की निरीक्षण कमेटी के संज्ञान में आया। कमेटी ने पाया कि न केवल टेक्टाइल टाइल नहीं लगाई गई बल्कि दिव्यांगों की अन्य आवश्यकताओं को भी गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके बाद निरीक्षण कमेटी ने पंचकूला से आई विजिलेंस टीम के समक्ष लापरवाही की भी शिकायत दर्ज कराई।
वर्जन
पहले ही पीडब्लयूडी को सुझाव दिए गए थे तो फिर इस काम को क्यों छोड़ा गया। इससे न केवल सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है बल्कि अब फिर फर्श उखाड़ने से अतिरिक्त खर्च भी बढ़ेगा। दोबारा से निर्माण करवाने के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए हैं।-डॉ. रघुवीर पूनिया, पीएमओ नागरिक अस्पताल जींद
बाक्स
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यदि समय रहते सुझावों पर अमल किया जाता तो न तो दोबारा निर्माण की जरूरत पड़ती और न ही सरकारी धन की बर्बादी होती। अब सभी की निगाहें विजिलेंस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं। यह तय हो सके कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाएंगे।-कपूर सिंह, उपप्रधान हरियाणा विकलांग अधिकार मंच
बाक्स
चूक हुई है। जल्द ही फर्श को फिर से उखाड़कर नेत्रहीनों और दूसरे दिव्यांगों के लिए यूनिक टाइल लगाई जाएंगी ताकि उन्हें अस्पताल परिसर में चलने-फिरने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।-साेहन सिंह, जेई लोक निर्माण विभाग