16जेएनडी33-नागरिक अस्पताल में शुरू हुआ पार्किंग निर्माण का कार्य। स्रोत कर्मचारी
जींद। नागरिक अस्पताल में 15 दिनों से बंद पड़ा पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यह कार्य लगभग एक सप्ताह में पूरा हो जाएगा। प्रदूषण बढ़ने के कारण लागू ग्रैप के चलते पार्किंग का निर्माण कार्य रुक गया था। अब ग्रैप के हटते ही निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
अस्पताल प्रबंधन नई बिल्डिंग के पीछे सिटी स्कैन सेंटर के सामने खाली जगह में लगभग 25 लाख की लागत से पार्किंग का निर्माण करवा रहा है। लगभग डेढ़ माह पहले पार्किंग बनाने का काम शुरू हुआ था लेकिन ग्रैप नियम लागू होने के चलते निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी गई थी।
पहले पार्किंग बनाने को लेकर यहां उगी झाड़ियों को साफ कर जगह को समतल किया गया था और चार दीवारी बनाने का काम किया गया था। अब शुक्रवार से यहां भरत की गई मिट्टी को समतल करने का काम शुरू हो गया है।
उम्मीद है कि आगामी एक सप्ताह में पार्किंग बन कर तैयार हो जाएगी और वाहन चालकों को अपने वाहन खड़े करने को लेकर किसी तरह की परेशानी का सामना नही करना पड़ेगा। पार्किंग की कमी के कारण डॉक्टरों और स्टाफ को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डॉक्टरों को खुद ही चालकों के साथ मिलकर वाहन पार्क करने पड़ते हैं जिससे अव्यवस्था बनी रहती है। कई बार तो लोग चिकित्सक पार्किंग में ही अपने वाहनों को खड़ा कर देते हैं। पार्किंग से वाहन हटवाने के लिए काफी समय भी बर्बाद होता है। आपातकालीन स्थितियों में देरी हो जाती है। यह नई सुविधा सभी के लिए वरदान साबित होगी।
वाहन चोरी की वारदातों पर लगेगी लगाम
पिछले काफी समय से पार्किंग सुविधा उपलब्ध करवाए जाने की मांग की जा रही थी। पार्किंग न होने से वाहन चोरी की वारदातें आम हो गईं थीं। बाइक और अन्य वाहन चोरी होने की शिकायतें आती रहती थीं। अब 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पार्किंग से अस्पताल आने वाले मरीजों, तीमारदारों और चिकित्सकों को बड़ी राहत मिलेगी। यह पार्किंग क्षेत्र काफी बड़ा है और यहां दर्जनों वाहन व दोपहिया आसानी से खड़े हो सकेंगे।
वर्जन
पार्किंग का निर्माण कार्य लगभग एक सप्ताह में पूरा हो जाएगा। नई पार्किंग से अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ेगी और लोगों को अपने वाहन चोरी होने का डर भी नही रहेगा।
-डॉ. रघुवीर पूनिया, प्रधान चिकित्सा अधिकारी, नागरिक अस्पताल