जींद। उचाना क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने की ओर बढ़ रही है। उचाना खुर्द गांव में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब तीन करोड़ 42 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने टेंडर जारी कर दिए हैं और 11 जून को बिड खुलेगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। नए पीएचसी के निर्माण से उचाना खुर्द सहित आसपास के दर्जनों गांवों की 30 हजार से अधिक आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
वर्तमान में क्षेत्र के लोगों को कई स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर स्थित अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। नए भवन के बनने से मरीजों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
स्वास्थ्य विभाग के मानकों के अनुसारए बनने वाले इस पीएचसी में ओपीडी, सामान्य जांच कक्ष, महिला एवं पुरुष मरीजों के लिए अलग-अलग प्रतीक्षालय, टीकाकरण कक्ष, प्रसव पूर्व एवं प्रसवोत्तर परामर्श सुविधाएं, प्रयोगशाला (लैब), दवा वितरण केंद्र, आपातकालीन उपचार कक्ष, रिकॉर्ड रूम तथा स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी व्यवस्थाएं होंगी। इसके अलावा चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के लिए अलग-अलग कार्य कक्ष भी बनाए जाएंगे।
दिव्यांगों की सुविधा के लिए आवश्यक प्रावधान किए जाएंगे
दिव्यांगों की सुविधा के लिए रैंप सहित अन्य आवश्यक प्रावधान किए जाएंगे। पीएचसी में नियमित स्वास्थ्य जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, सामान्य रोगों का उपचार, परिवार नियोजन सेवाएं, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की शहरों पर निर्भरता कम होगी।
सिविल अस्पताल में डॉक्टरों के क्वार्टरों की मरम्मत भी होगी
उचाना के सिविल अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी विभाग ने कदम उठाया है। अस्पताल परिसर में स्थित डॉक्टरों के क्वार्टरों की मरम्मत व सुधार कार्य पर 14 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस कार्य के लिए जारी टेंडर नौ जून को खुलेगा। क्वार्टरों की मरम्मत के तहत भवनों की संरचनात्मक खामियों को दूर करने, बिजली और पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने, पेंट, सीवरेज और अन्य आवश्यक सुधार कार्य किए जाएंगे। स्वास्थ्य अधिकारियों का मानना है कि बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलने से डॉक्टरों और कर्मचारियों को कार्य करने के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा, जिसका सीधा लाभ मरीजों को होगा। दोनों परियोजनाओं पर स्वास्थ्य विभाग करीब तीन करोड़ 56 लाख रुपये खर्च करेगा।
वर्जन
उचाना खुर्द में पीएचसी के निर्माण और उचाना के नागरिक अस्पताल में रिहायशी क्वार्टरों की मरम्मत के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। दोनों कार्यों की बिड खुलने के बाद एजेंसी को टेंडर आवंटित कर जल्द काम शुरू करवाया जाएगा ताकि क्षेत्र को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। ग्रामीणों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
-आरके नैन, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग, जींद।
वर्जन
जिले में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उचाना में मांग के अनुरूप पीएचसी का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने टेंडर जारी किए हैं। पीएचसी बनने से आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
-डॉ. सुमन कोहली, सीएमओ, नागरिक अस्पताल, जींद।