जींद। नरवाना में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। ठगों ने रिश्तेदार बनकर एक आढ़ती से 4.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
लुधियाना निवासी रमेश कुमार उसकी मौसी का लड़का है और उसका बेटा कनाडा में रहता है। आठ मई को उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप काल आई और कहा कि अंकल वह कनाडा से रमेश का लड़का बोल रहा है।
किशनचंद कॉलोनी निवासी जयकुमार जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी मेला मंडी में आढ़त की दुकान है। लुधियाना निवासी रमेश कुमार उनकी मौसी का बेटा कनाडा में रहता है। आठ मई को उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई।
कॉल करने वाले ने खुद को रमेश कुमार का बेटा बताया, जो कनाडा में रहता है। आरोपी ने परिवार का हालचाल पूछने के बाद कहा कि वह उनके खाते में कुछ रुपये भेज रहा है और इसके लिए बैंक खाता नंबर व खाते से लिंक मोबाइल नंबर मांगा।
जयकुमार ने भरोसा कर अपनी बैंक जानकारी साझा कर दी। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर 9.85 लाख रुपये खाते में आने का मैसेज आया। इसके बाद दूसरी कॉल आई जिसमें खुद को कोटक महिंद्रा बैंक मुंबई का अधिकारी बताते हुए कहा गया कि विदेश से भेजी गई रकम 24 घंटे बाद खाते में ट्रांसफर होगी।
इसके बाद आरोपी ने 30 मिनट बाद कॉल कर कहा कि उनके एक दोस्त की पत्नी गंभीर रूप से बीमार है और इलाज के लिए तुरंत पैसों की जरूरत है। उसने एक बैंक खाता नंबर भेजकर मदद मांगी। रिश्तेदारी और भरोसे में आकर जयकुमार ने पहले 3.50 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से भेज दिए। बाद में एक लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए।
कुछ समय बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है। मामले की सूचना मिलते ही साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।