संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई नरवाना में 10 दिसंबर को होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया मानेसर की ओर से रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। सुबह 9 बजे शुरू होने वाले मेले में जापानी ऑटोमोबाइल उद्योग की प्रतिष्ठित कंपनी विभिन्न ट्रेडों में भर्ती प्रक्रिया संपन्न करेगी।
संस्थान के अनुसार फिटर, मशीनिस्ट, पेंटर, टर्नर, वेल्डर, एमएमवी और इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में कुल 55 पदों के लिए चयन किया जाएगा। यह अवसर वर्ष 2023, 2024 और 2025 बैच के पास आउट विद्यार्थियों के लिए खुला रहेगा।
संस्थान ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 18,061 रुपये का आकर्षक मासिक पैकेज प्रदान किया जाएगा जिसमें फ्री यूनिफॉर्म, सेफ्टी शूज, विंटर जैकेट और सब्सिडाइज्ड भोजन जैसी सुविधाएं शामिल हैं। रोजगार मेले में केवल वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे जिनकी अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर प्रोफाइल 100 प्रतिशत पूर्ण है।
प्राचार्य ओमपाल ने कहा कि यह रोजगार मेला युवाओं के लिए बेहतरीन कॅरिअर अवसर लेकर आया है। उन्होंने प्रशिक्षण व प्लेसमेंट सेल के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सेल उद्योगों से विद्यार्थियों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर विनीत कुमार, जसबीर मोर और मुनीम मालिक उपस्थित रहे।