27जेएनडी05: सिलेंडर की आग बुझाते हुए फायर ब्रिगेड के कर्मचारी। स्रोत पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
नरवाना। शास्त्री नगर इलाके में सोमवार देर रात एक मकान में गैस सिलिंडर के रेगुलेटर में आग लग गई। आग लगते ही मकान में रह रहे सभी लोग घबराकर तुरंत घर से बाहर निकल आए और आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। बड़ा हादसा होने से टल गया।
मकान मालिक सुखदेव ने बताया कि घटना के समय घर में रोजमर्रा के काम चल रहे थे। रसोई में गैस चूल्हे पर सब्जी बन रही थी तभी अचानक सिलिंडर के रेगुलेटर से आग की लपटें उठने लगीं। आग की तेज लपटें देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए और किसी प्रकार की अनहोनी न हो घर से बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। उन्होंने सावधानीपूर्वक जलते हुए सिलिंडर को नियंत्रित किया और उसे ठंडा कर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। यदि कुछ मिनट की भी देरी हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रशासन की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि गैस सिलिंडर व रेगुलेटर की नियमित जांच करें और किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में तुरंत सतर्कता बरतें ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
वर्जन
शास्त्री नगर में एक घर में रखे गैस सिलिंडर के रेगुलेटर में आग लगने की सूचना मिली थी। हालांकि इस घटना में कोई जान माल का नुकसान नहीं हुआ है।
–भीम सिंह, हेड कांस्टेबल, डायल 112