जींद। सफीदों रोड स्थित बुढ़ाखेड़ा गांव के पास दो व्यापारियों से चार बदमाशों ने 40 लाख रुपये के चांदी के गहने लूट लिए। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात चार युवकों के खिलाफ लूट की एफआईआर दर्ज कर ली है।
जींद की श्याम नगर कॉलोनी निवासी सन्नी ने पुलिस एफआईआर में बताया कि वह चांदी की अंगूठी और लॉकेट बाजार में सप्लाई करते हैं। वह चांदी की अंगूठी और लॉकेट दिल्ली की एक कंपनी से लाकर बेचते हैं। 26 जनवरी को वह और उनका पार्टनर रामराय भैण निवासी संदीप बाइक पर दो बैगों में चांदी के गहने लेकर असंध मार्केटिंग के लिए आए थे।
असंध में उन्होंने दस अलग-अलग दुकानों पर माल दिखाया। एक दुकानदार ने माल खरीदा और उसके बाद शाम चार बजे सफीदों की मार्किट में 10-12 दुकानों की मार्केटिंग की। उसके बाद बाइक खराब होने के कारण एक से दो घंटे लग गए।
वह 11 बजे वह गांव बुढ़ा खेड़ा के पास पंप के पास पहुंचे तो दो बाइकों पर चार युवक आए और उनकी बाइक को रुकने का इशारा किया। इसके बाद एक युवक ने सन्नी को लात मारकर गिरा दिया। बाइक गिरते ही अज्ञात युवक उनका बैग छिनकर भाग गए।
दोनों बैगों में 11 किलो चांदी थी। गहनों की कीमत 40 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात चार युवकों के खिलाफ लूट की वारदात को अंजाम देने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।