जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के प्रस्तावित दौरे को लेकर वीरवार को सुरक्षा, चिकित्सा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की फुल रिहर्सल कराई जाएगी। इस दौरान रेलवे जंक्शन, हेलीपैड, जनसभा स्थल, बैरिकेडिंग, प्रमुख नाकों और प्रधानमंत्री के आवागमन मार्ग पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों का अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा।
रिहर्सल में पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, अग्निशमन, नगर परिषद, परिवहन, बिजली, जनस्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग सहित कार्यक्रम से जुड़े सभी विभाग शामिल होंगे। सुरक्षा एजेंसियां प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की तैनाती, प्रतिक्रिया समय और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का भी आकलन करेंगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंबुलेंस, चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती का अभ्यास कराया जाएगा। वहीं पुलिस अधिकारी सुरक्षा घेरा, वीवीआईपी मूवमेंट, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। रेलवे जंक्शन पर हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का भी मौके पर परीक्षण किया जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार रिहर्सल का उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की चूक की संभावना को समाप्त करना है। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय पर अपनी-अपनी ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर रिहर्सल में भाग लें, ताकि प्रधानमंत्री के दौरे और हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम का सफल एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।