सफीदों। गांव हाट में हाटकेश्वर तीर्थ के गेट के सामने बुधवार सुबह 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार टूटकर पानी में गिर गया। वाटर सप्लाई की पाइपलाइन में लीकेज के कारण मौके पर पहले से पानी जमा था। तार के पानी में गिरते ही करंट फैल गया। करंट की चपेट में आने से पशुपालक मनोज की भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। भैंस की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और बिजली निगम व जन स्वास्थ्य विभाग के प्रति रोष जताया। ग्रामीणों ने बिजली निगम के लाइनमैन राजेंद्र और जन स्वास्थ्य विभाग के जेई सागर को मौके पर बुलाया। साथ ही डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।
पीड़ित मनोज और पूर्व पंच जोधाराम ने बताया कि यहां वाटर सप्लाई की पाइपलाइन में काफी समय से लीकेज थी जिसके कारण सड़क पर पानी जमा रहता था। ग्रामीणों के अनुसार बिजली का तार टूटने के बाद दो बार बिजली आपूर्ति बाधित हुई। इस दौरान भैंस खड़ी होकर चलने लगी लेकिन बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू होते ही पानी में गिरे 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंचे दोनों विभागों के कर्मचारियों के बीच भी काफी देर तक नोकझोंक हुई। बाद में बिजली निगम के कर्मचारियों ने तार को ठीक कराने और जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने पानी की लीकेज बंद करवाने का आश्वासन दिया। जन स्वास्थ्य विभाग के जेई सागर ने बताया कि मेले में टेंट लगाने के दौरान वाटर सप्लाई की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। मंगलवार को सरपंच ने इसकी सूचना दी थी और बुधवार सुबह करीब नौ बजे लीकेज ठीक करवा दी गई थी।