संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। हिंदुस्तान पेट्रोलियम निगम लिमिटेड ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व योजना के तहत किशनपुरा के राजकीय विद्यालय में छह किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराया है। इससे विद्यालय में बिजली की समस्या काफी हद तक दूर होगी और विद्यार्थियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम के कार्यकारी निदेशक (प्राकृतिक गैस) अनुज मेहरोत्रा ने बताया कि विद्यालय में बिजली की आपूर्ति बेहद सीमित थी। कई बार केवल दो घंटे ही बिजली मिलने से पढ़ाई प्रभावित होती थी। पर्याप्त बिजली नहीं होने के कारण जल शुद्धिकरण संयंत्र भी संचालित नहीं हो पाता था, जिससे विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में परेशानी होती थी।
अब सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित होने के बाद विद्यालय में नियमित बिजली उपलब्ध रहेगी। इससे जल शुद्धिकरण संयंत्र लगातार चल सकेगा और विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल के साथ पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इस अवसर पर अनुज मेहरोत्रा ने कहा कि कंपनी स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि रसोई गैस सिलेंडर की जगह पाइप के माध्यम से प्राकृतिक गैस उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह ऊर्जा अधिक सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल और सुविधाजनक है। इस अवसर पर निमेश कुमार सिन्हा तथा विनोद कुमार अक्कल भी मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि पहले कंपनी प्रतिदिन लगभग 14 नए प्राकृतिक गैस कनेक्शन देती थी, जबकि अब यह संख्या बढ़कर करीब 400 प्रतिदिन हो गई है। पिछले पांच महीनों में ही उपभोक्ताओं की संख्या 10 हजार से बढ़कर 50 हजार तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि जींद जिले में प्राकृतिक गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है।