उचाना। मोहनगढ़ छापड़ा के पास पेट्रोल पंप पर रात को चोरी हो गई। अज्ञात चोर चौकीदार की चारपाई पर तकिए के नीचे रखी चाबी चुराकर दफ्तर से 98 हजार रुपए ले गया। सो रहे चौकीदार को इसकी भनक तक नहीं लगी। हालांकि चोर अपनी मोटरसाइकिल कुछ दूरी पर छोड़ गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
घोघड़ियां गांव के निवासी मंदीप ने बताया कि उसका हरियाली किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप मोहनगढ़ छापड़ा में स्थित है। रात करीब 1:30 बजे अज्ञात युवक ने पेट्रोल पंप पर बाहर सो रहे चौकीदार की चारपाई के तकिए के नीचे से दफ्तर की चाबी निकाली। इसके बाद दफ्तर का ताला खोलकर गल्ले में रखे 98 हजार 370 रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोर भागते समय पेट्रोल पंप से करीब 50-60 मीटर की दूरी पर अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गया। जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।