सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान कर रहे 14 लोगों के काटे चालान
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। तंबाकू कंट्रोल कार्यक्रम के तहत बुधवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान चलाया गया। इसके तहत बस अड्डा परिसर और नागरिक अस्पताल के आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करते पकड़े गए 14 लोगों के चालान किए गए। साथ ही उन्हें तंबाकू और धूम्रपान के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में भी अवगत करवाया है।
अभियान का नेतृत्व नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा तंबाकू कंट्रोल कार्यक्रम चलाया गया है। सभी विभागों को एक चालान बुक दी गई है। तंबाकू कंट्रोल नियम के तहत सार्वजनिक स्थानों पर बीड़ी, सिगरेट या तंबाकू का सेवन करते पाए जाने पर चालान करना है। विशेष रूप से शिक्षण संस्थान के 100 मीटर के दायरे में बीड़ी, सिगरेट के बेचने पर भी प्रतिबंध है। यदि कोई ऐसा करता पाया जाता है तो उसका चालान किया जाएगा। इसके साथ-साथ 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को भी यह बेचना प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि हर कोई व्यक्ति इस तथ्य को अच्छी तरह से जानता है कि धूम्रपान का हमारे स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है, फिर भी लोग धूम्रपान करते हैं। इस आदत को नहीं छोड़ते हैं। जो लोग धूम्रपान करते हैं या तंबाकू का सेवन करते हैं उससे शारीरिक क्षति तो होती ही है, साथ ही फेफड़ों का कैंसर, मुंह का कैंसर सहित कई अन्य रोगों के होने का खतरा रहता है। जो लोग धूम्रपान करते हैं उन्हें इसे छोड़ने के लिए दृढ़ निश्चय करना चाहिए। धूम्रपान से बचने के लिए व्यायाम करना चाहिए। फल और सब्जियों का अधिक मात्रा में सेवन करना चाहिए। इस अवसर पर राममेहर वर्मा, विकास देशवाल, फूल सिंह व सूरजभान मौजूद रहे।