20 करोड़ से कटड़ा में बनेगा सर छोटूराम के नाम पर विश्राम गृह : डॉ. मलिक
अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। जाट सभा चंडीगढ़, पंचकूला और रहबरे आजम दीनबंधु चौधरी छोटूराम सभा जम्मू 24 नवंबर को कटड़ा में भूमि पूजन कर विश्राम गृह की आधारशिला रखेगी। यह बात रविवार को जाट सभा चंडीगढ़ के प्रधान एव पूर्व डीजीपी डॉ. महेंद्र सिंह मलिक ने कही। विश्राम गृह के बनने से माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए देश के किसी भी हिस्से से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रात्रि में ठहरने की व्यवस्था होगी।
डॉ. मलिक ने बताया कि कटड़ा में सर छोटूराम के नाम पर एक लाख बीस हजार वर्ग फुट में लगभग 20 करोड़ की लागत से बनने वाला पांच मंजिला भवन बनाया जाएगा। उसमें श्रद्धालुओं के लिए हर सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। इसमें 300 यात्री एक साथ ठहर सकेंगे। 20 कमरे पारिवारिक रूप से बनाए जाएंगे। एक मल्टीपर्पज हॉल, एक कॉन्फेंस हॉल व मेडिकल सुविधा के साथ पांच लिफ्ट लगाई जाएंगी। डॉ. मलिक ने कहा कि एक वर्ष 6 महीने में यह विश्राम गृह बनकर तैयार हो जाएगा। डॉ. मलिक ने जम्मू कश्मीर के महामहिम राज्यपाल सतपाल मलिक और केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह को भवन की आधारशिला रखने के लिए निमंत्रण भेजा है। उन्होंने कहा कि माता वैष्णो देवी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं में आधे से ज्यादा हरियाणा प्रदेश से जाते हैं। इसलिए इन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह भवन बनाया जा रहा है।