टिकट नहीं दिलवाऊंगा, जितवाने में करूंगा मदद : बीरेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। विधायक डॉ. हरिचंद मिढा के निधन के बाद जींद में उपचुनाव की सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। इसके चलते ही शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में चौधरी छोटूराम विचार मंच के कार्यकर्ताओं की मीटिंग लेने पहुंचे बीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिसको भी टिकट मिलेगा वे उसका पूरा साथ देंगे। उन्होंने कहा कि जींद का चुनाव परीक्षा है।
अपने ठेठ अंदाज में चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि ‘टिकट मनैं तो देणी नहीं’। जो राज पार्टी होती है, वह अपने चीफ मिनिस्टर का बुलाकर कहा करै, के जिसकै तेरा जी करता हो टिकट दे। लेकिन जिताणा तेरा काम है। तो यू पंगा मैं क्यू लूं भाई। जिसके जिम्मे लगेगा, उसका साथ देंगे। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि वे टिकट की बात नहीं करेंगे। क्योंकि यहां कई टिकट लेने वाले हैं। गौरतलब है कि इस कार्यक्रम में पिछले चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी रहे सुरेंद्र बरवाला, भाजपा के प्रदेश सचिव जवाहर सैनी, बीरेंद्र सिंह के खास साथी शिवनाराण शर्मा व सोमबीर पहलवान मौजूद थे। इन सभी को टिकट की लाइन में माना जा रहा है। ऐसे में बीरेंद्र सिंह ने अपने साथियों को साफ शब्दों में कह दिया कि वे टिकट के लिए उनकी मदद नहीं करेंगे। वहीं इससे पहले शुक्रवार को बीरेंद्र सिंह ने कहा था कि उन्होंने लक्ष्य श्योराण के पिता सोमबीर पहलवान का नाम मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष रखा था। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि यदि ठाडा उम्मीदवार आता है तो म्हारा हांगा कम लागैगा और बोदा आवैगा तो हांगा ज्यादा लागैगा।
इस बार खास होंगे जींद विधानसभा चुनाव के परिणाम
बीरेंद्र सिंह ने कहा कि इस बार जींद विधानसभा चुनाव के परिणाम खास होंगे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अंग्रेज भारत को अपनी कॉलोनी समझते थे, किसी को जींद अपनी कॉलोनी समझने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि जींद के चुनाव में लोगों को भाईचारा भी दिखाना है।
18 सितंबर को होगा सम्मान समारोह
इस दौरान बीरेंद्र सिंह ने कहा कि 18 सितंबर को एकलव्य स्टेडियम में सम्मान समारोह का आयोजन करवाया जा रहा है। इस सम्मान समारोह में विद्यार्थियों एवं अन्य युवाओं को बुलाया गया है, ताकि वे इस सम्मान समारोह से प्रेरित होकर खेल, शिक्षा, चिकित्सा व अन्य क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा सकें। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम बन रहे हैं ताकि युवाओं को मौका मिले।