विस में कांग्रेसियों का इलाज किया, सही इलाज सत्ता में आने पर होगा : अभय
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। 25 सितंबर को गोहना में होनी वाली इनेलो की सम्मान दिवस रैली का न्योता देने पहुंचे विधानसभा में विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि विधानसभा में तो कांग्रेसियों का इलाज कर दिया है, अब सही इलाज सत्ता में आने पर होगा। इस दौरान अभय ने कार्यकर्ताओं को विधानसभा में जूता प्रकरण के बारे में भी सफाई दी। इस दौरान अभय चौटाला ने कहा कि ओमप्रकाश चौटाला व अजय चौटाला को भूपेंद्र हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला व करण सिंह दलाल ने षड्यंत्र कर जेल भिजवाया है।
अर्बन इस्टेट स्थित जाट धर्मशाला में इनेलो-बसपा कार्यकर्ताओं के बीच अभय चौटाला ने कहा कि जिस कांग्रेसी विधायक करण दलाल ने हरियाणा को कलंकित करने का बयान दिया। इस पर जब वे विधानसभा में पहुंचे तो वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु उन पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसी पर सरकार ने उनसे पूछा तो उन्होंने भी कहा कि कार्रवाई होनी चाहिए। इसके बाद विधानसभा की कार्रवाई दस मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। दोबारा जब विधानसभा में पहुंचे तो करण सिंह दलाल ने उन पर टिप्पणी की, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद ओमप्रकाश चौटाला पर टिप्पणी की तो उसे भी नजरअंदाज कर दिया गया, लेकिन जब दलाल ने स्व. देवीलाल पर टिप्पणी की तो उनसे रहा नहीं गया। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री द्वारा पूछा गया कि क्या करण दलाल को माफ किया जाना चाहिए। इस पर उन्होंने कहा कि कोई गाली देकर माफी मांग ले तो क्या होगा। करण दलाल की तो पुरानी आदत है।
कार्यकर्ताओं को इमोशनल इंजेक्शन
इस दौरान अभय सिंह चौटाला ने कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि चौधरी देवीलाल के बारे में अभद्र टिप्पणी सुनकर आता तो कार्यकर्ता कहते की यह तो कायर व कमजोर नेता है। अभय चौटाला ने पूछा कि जो उन्होंने करण दलाल के साथ किया वह ठीक किया या गलत किया। इस पर कार्यकर्ताओं ने उनका समर्थन किया। अभय चौटाला ने कहा कि उन्हें करण दलाल को मारने की जरूरत नहीं है। वह तो पहले ही मरा पड़ा है। यदि थोड़ा बहुत बचा है तो पलवल की जनता उन्हें चुनाव में ईवीएम का बटन दबाकर मार देगी।