अमर उजाला ब्यूरो
उचाना (जींद)।
रेलवे विभाग द्वारा गांव बड़ौदा में रेलवे हॉल्ट बनाने की मंजूरी दे दी है। हॉल्ट के निर्माण पर 90 लाख रुपये के करीब की राशि खर्च होगी। रेलवे हॉल्ट बनाने की मांग गांव के लोगों की करीब बीस साल पुरानी है। भागीदारी योजना के तहत गांव की पंचायत को 13 लाख की राशि जमा करानी होगी। इस राशि के अलावा जो भी खर्च होगा वो रेलवे विभाग करेगा। गांव में सरपंच प्रतिनिधि सुधीर पहलवान की अध्यक्षता में गांव के लोगों की बैठक हुई। इसमें फैसला लिया गया कि पंचायत के पास करीब आठ लाख रुपये की एफडी है के साथ-साथ जितनी राशि रेलवे द्वारा मांगी गई राशि से कम होगी वो गांव के लोगों से एकत्रित की जाएगी। इसके लिए एक कमेटी बना कर हर ढोले (मोहल्ले) राशि जुटाई जाएगी। सुधीर पहलवान ने बताया कि रेलवे हॉल्ट बनाने की मांग वर्षों से गांव के लोग कर रहे हैं। पहले भी इसको मंजूरी मिल चुकी थी, लेकिन जो राशि इसके निर्माण पर खर्च होनी थी वह पंचायत को देगी थी। पंचायत के पास आमदन का साधन न होने से इतनी राशि देने में पंचायत असमर्थ थी। गांव के लोगों ने दोबारा से मिलकर केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, विधायक प्रेमलता से विभाग द्वारा अपने खर्च पर रेलवे हॉल्ट बनाने की मांग की। केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने रेल मंत्री सुरेश प्रभु से मिलकर रेलवे विभाग से रेलवे हॉल्ट बनाने का मांग की थी। विभाग द्वारा भागीदारी योजना के तहत रेलवे हॉल्ट बनाने का पत्र जारी किया गया है। इसमें रेलवे हॉल्ट के निर्माण पर अधिकांश राशि रेलवे विभाग खर्च करेगा। पंचायत की ओर से इस योजना के तहत 13 लाख के करीब की राशि जमा करानी होगी। यह राशि जमा होते ही विभाग इसको लेकर काम शुरू कर देगा। उन्होंने कहा कि बड़ौदा गांव में रेलवे हॉल्ट मंजूर करवा कर केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, विधायक प्रेमलता ने बड़ौदा ही नहीं बल्कि आसपास के आधा दर्जन के करीब गांवों के लोगों को फायदा पहुंचाने का काम किया है। बीस साल से लगातार रेलवे हॉल्ट बनाने की मांग को लेकर प्रयास कर रहे गांव के लोगों की मांग अब पूरी हो गई है।
इस मौके पर जिला पार्षद जितेंद्र चहल, ब्लॉक समिति सदस्य अनिल, धर्मबीर, बलराज, सत्यवान, बलबीर, सुरेश, ज्ञानी नंबरदार, रामदिया, दीपचंद, मेवा सिंह, रामसरूप, सत्ता, दिलबाग, इंद्र मौजूद रहे।
बड़ौदा गांव में रेलवे हॉल्ट बनाने की मिली मंजूरी
रेलवे विभाग ने भेजा पंचायत को पत्र, 13 लाख की राशि करानी होगी जमा