जुलाना। जुलाना में पुलिस ने सोमवार देर शाम नशे की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है 7 पुलिस ने दो युवकों से 87 किलो 800 ग्राम गांजापत्ती बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
जुलाना थाना प्रभारी समरजीत ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली कि दो युवक एक सफेद रंग की स्विफट कार में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर आ रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने टीम गठित की और बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता जोगिंद्र सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करवाया। पुलिस ने करसोला अंडरपास के पास वाहनों की जांच करनी शुरू कर दी। कुछ ही देर में एक सफेद रंग की कार आई। जब उसकी तलाशी ली तो उसमें कार की डिग्गी में सफेद रंग के कट्टे मिले। जब उनको खोला गया तो उनमें गांजापती मिली। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब कट्टों का वजन करवाया गया तो यह 87 किलो 800 ग्राम मिला। कार में सवार दोनों युवकों की पहचान जुलाना निवासी मनीष तथा किलाजफरगढ़ निवासी रविंद्र के रुप में हुई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी समरजीत ने बताया कि दोनों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की तह तक जाने में जुटी हुई है कि आखिरकार दोनों युवक इतनी भारी मात्रा में नशीला पदार्थ कहां से लाए हैं और कहां पर इसे सप्लाई किया जाना था।