फरैण कलां लिंक मार्ग पर बुधवार रात बाइक सवार दो युवकों से नकाबपोश चार युवकों ने पिस्तौल के बल पर 85 हजार रुपये नकदी, बाइक और मोबाइल लूट ली।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की नाकाबंदी करके युवकों की तलाश की, लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लगा। फरैण कलां गांव निवासी राजेश अपने गांव के ही हिम्मत के साथ बुधवार रात बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था। सच्चाखेड़ा गांव में कोई काम था।
वह काम निपटाकर जब अपने गांव जा रहा था तो सच्चाखेड़ा व फरैणकलां गांव के बीच चार नकाबपोश युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और पिस्तौल दिखाकर सब कुछ देने को कहा। उन्होंने भागने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया। मोटरसाइकिल व नकदी लूट ली।
राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार देर रात वह अपने साथी हिम्मत के साथ मोटरसाइकिल पर नरवाना से गांव लौट रहा था। सच्चाखेड़ा व फरैन कलां गांवों के मध्य दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रुकवा ली और पिस्तौल के बल पर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन व नकदी लूट ली। लुटेरों ने अपने मुंह ढंक रखे थे। सदर पुलिस ने राजेश की शिकायत पर चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।