चार दिन से सीवर लाइन लीक, गली में भर रहा गंदा पानी
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। प्रशासन की अनदेखी के चलते विद्यापीठ मार्ग स्थित दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चार दिन से सीवर लीक होने की वजह से गली में गंदा पानी इकट्ठा हो जाता है। इससे लोगों की दुकानदारी प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, मगर अभी तक इसे ठीक करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। इससे दुकानदारों का काम प्रभावित हो रहा है। इतना ही नहीं चार महीने से गली कच्ची पड़ी है। इससे चलते जब वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं तो धूल उड़ती है। इससे लोगों का सांस लेना मुश्किल हो रहा है।
दुकानदारी हो रही प्रभावित
सीवर लीक होने की वजह से गंदा पानी गली में भर गया है। गली भी पिछले चार महीने से कच्ची पड़ी है। गली में पानी भरने की वजह ग्राहक भी कम आ रहे हैं, जिससे दुकानदारी प्रभावित हो रही है।
विक्की, दुकानदार।
गली पक्की और सीवर हो ठीक
गली में दिनभर लोग गाड़ी लेकर आते-जाते रहते हैं, जिससे धूल उड़ती है। ऐसे में चाहिए कि जल्द से जल्द गली पक्की करवाई जाए और लीक सीवर को ठीक करवाया जाय ताकि समस्या से निजात मिले।
हरि सिंह, दुकानदार।
नहीं आने दी जाएगी परेशानी
होली के दिन कर्मचारियों की छुट्टी थी। जिससे नाले में अवरोधक वस्तुएं आ जाने से गंदा पानी गली में आ गया है। कर्मचारियों को आदेश दिए गए हैं कि नाले की सफाई जल्द की जाए। इससे दुकानदारों को परेशानी नहीं होगी।
संजय शर्मा, एक्सईएन, जन स्वास्थ्य विभाग।