सांसद ने किया 10 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण
अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों। नगरपालिका में सांसद रमेश कौशिक ने मंगलवार को करीब 10 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। जिसमें 17 वार्डों में से 11 वार्डों में नालियां व पाइप लाइन के साथ रामसर पार्क के निकासी नाले का निर्माण एवं शहर में नगर स्ट्रीट लाइटों के विकास कार्य शामिल हैं। इस दौरान नगरपालिका में एक विकास समारोह का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता पालिका प्रधान सेवाराम सैनी द्वारा की गई। इससे पहले उन्होंने नपा के पार्षद की एजेंडा बैठक में भी शिरकत कर विकास कार्यों के लिए आई राशि की जानकारी प्राप्त की। बैठक में नपा के अधिकारियों से सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि दो सप्ताह आचार संहिता लगने में तुम अभी तक भी नगरपालिका में 25 करोड़ ओर लिए बैठे हो, इन्हें लगाते क्यों नहीं। नपा सचिव ने कहा कि साढ़े छह करोड़ के विकास कार्यों के एस्टीमेट की फाइलें डीसी कार्यालय में अटकी हुई है, वहीं दो करोड रुपये सीएम घोषणा के भी अभी तक विवादित जगह होने के कारण रुके हुए हैै। ऐसे में एजेंडा बैठक में अधिकतर कार्यों में रुकावट आने के कारण जगह की तबदीली थी।
रमेश कौशिक ने कहा कि सफीदों क्षेत्र में 300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य हुए हैं। हाईवे व रेलवे के प्रोजेक्टों पर कार्य तेजी से चल रहा है। भाजपा सरकार ने जींद जिले में सबसे ज्यादा हाईवे बनवाए है। जींद से भिवानी, करनाल, गोहाना, नरवाना व कैथल को जोड़ने वाली सड़कों को फोरलेन किया गया है। जनता को स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने की दिशा में रेलवे स्टेशनों आरओ लगवाए गए हैं और 700 करोड़ की लागत से जींद-पानीपत रेलवे लाइन का विद्युतीकरण किया गया है।