अमर उजाला ब्यूरो
जींद। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर जींद के विधायक डॉ. हरिचंद मिढ़ा ने बुधवार को चंडीगढ़ में स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जींद के नागरिक अस्पताल में स्टाफ व उपकरणों की कमी को प्रमुखता से उठाया। विधायक ने बताया कि स्वास्थ्य महानिदेशक ने उन्हें जल्द ही व्यवस्थाएं सुधारने का आश्वासन दिया है।
विधायक मिढ़ा ने कहा कि जींद में करोड़ों रुपये से भवन तो बना दिए लेकिन चिकित्सकों की भारी कमी के चलते जींद के लोगों को स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जींद जिले में चिकित्सकों के 203 पद स्वीकृत किए हुए हैं। इनमें से जिले में इस समय महज 65 चिकित्सकों की नियुक्ति है। अकेले जींद के ही नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के दो-तिहाई से ज्यादा पद खाली पड़े हैं।