‘एक दिन में ज्वाइन नहीं किया तो करेंगे टर्मिनेट, होगी नई भर्ती’
अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
एनएचएम कर्मचारियों में एकजुटता न होने के कारण जींद में कर्मचारियों की हड़ताल का ज्यादा असर देखने में नहीं आ रहा। 540 में से महज 112 कर्मचारी ही हड़ताल कर रहे हैं। साथ ही अन्य जिलों की तरह अब जींद में भी स्वास्थ्य विभाग ने इन कर्मचारियों पर कार्रवाई की तैयारी कर ली है। हड़ताल कर रहे सभी कर्मचारियों को बृहस्पतिवार सुबह नोटिस थमाएं जाएंगे और एक दिन का समय ज्वाइन करने के लिए दिया जाएगा। जो ज्वाइन नहीं करेगा उसे टर्मिनेट किया जाएगा। इसके बाद ठेकेदार के माध्यम से नई भर्ती की जाएगी। वहीं बुधवार को भी एनएचएम कर्मचारियों ने सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर पार्क में धरना दिया और नारेबाजी कर रोष जताया। कर्मचारी दिनभर सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर पार्क में धरने पर बैठे रहे। कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती हड़ताल जारी रहेगी। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि उनकी मुख्य मांग समान वेतन, नियमित किए जाने, सर्विस बायलॉज आदि है। साथ ही प्रदेशभर में बर्खास्त किए गए कर्मचारियों को बहाल किया जाए। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि धीरे-धीरे उनसे कर्मचारी जुड़ रहे हैं। पहले दिन जहां करीब 50 कर्मचारी हड़ताल पर थे तो दो दूसरे दिन यह आंकड़ा एक सौ को पार गया है। इस मौके पर जिला प्रधान गुरुदेव नैन, उप प्रधान डा. परमजीत, डा. अरुण आदि मौजूद रहे।
एक दिन का मौका
हड़ताल कर रहे कर्मचारियों पर कार्रवाई की पूरी तैयारी हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार सुबह सभी हड़ताल करने वाले कर्मचारियों को नोटिस थमाने का फैसला कर लिया है। नोटिस में कर्मचारियों को एक दिन का समय अपना कार्य संभालने के लिए दिया जाएगा। एक दिन में ज्वाइन किया तो ठीक वरना टर्मिनेट कर दिया जाएगा। जिसके बाद ठेकेदार से बातचीत कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नहीं रुका काम
बुधवार को फील्ड में टीकाकरण का कार्य होता है। एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल से यह प्रभावित होने के कयास लगाए जा रहे थे मगर नियमित स्टाफ पर्याप्त होने के कारण ऐसा कुछ नहीं हुआ। स्वास्थ्य विभाग के प्रत्येक केंद्र पर एक नियमित एएनएम, एक पुुरुष कर्मचारी और एक एनएचएम एएनएम है। ऐसे में एएनएम हड़ताल पर भी चली जाए तो कुछ फर्क नहीं पड़ता। एनएचएम के तहत लगी अधिकतर एएनएम भी अपना कार्य करती नजर आईं।
112 एनएचएम कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं। जिन्हें जल्द ही नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद भी ज्वाइन नहीं किया तो टर्मिनेट किया जाएगा। कर्मचारियों की हड़ताल का स्वास्थ्य सेवाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।
डॉ. राजेश गांधी, डिप्टी सिविल सर्जन