एडीसी ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के टिप्स
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। एडीसी धीरेंद्र खड़गटा ने सोमवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जींद का दौरा किया। इस दौरान उन्होनें आइटीआई में विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। और संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह यहां विद्यार्थियों को तमाम प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करे, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा हर संभव मदद उपलब्ध करवाई जाएगी।
एडीसी ने संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों से बातचीत भी की। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वह मन लगाकर व्यवसायिक ट्रेडों का प्रशिक्षण प्राप्त करे। आने वाला समय तकनीकि विशेषज्ञों का होगा। सरकार द्वारा आईटीआई पास विद्यार्थियों को रोजगार एवं स्वरोजगार उपलब्ध करवाने के लिए सकारात्मक कदम उठाए जा रहे है। हाल ही में राज्य सरकार द्वारा अप्रेन्टीशप प्रमोशन स्कीम शुरू की गई है। इस योजना का आईटीआई पास विद्यार्थियों को सीधा फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत विद्यार्थियों को सरकारी, अर्ध सरकारी कार्यालयों में अप्रेटिंस के लिए नियुक्त किया जाएगा। और उन्हें न्यूनतम वेतन भी दिया जाएगा। कहा कि आईटीआई में लोन हैल्प डेस्क भी शुरू हो चुका है। इस डेस्क के माध्यम से आई टी आई पास विद्यार्थी स्वरोजगार स्थापित करने के लिए बैंकों से ऋण ले सकते है। आज ए डी सी की मौजूदगी में लोन हैल्प डेस्क द्वारा दो छात्रों का वित्तिय सहायता प्रदान करने के लिए चयन भी किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे जिस भी ट्रेड का प्रशिक्षण हासिल करें, उसमें विशेषज्ञता हासिल करने का प्रयास करें। उन्हें नौकरियों की कोई कमी नही रहेगी।