जींद। सिंगापुर में पढ़ाई कर रहे युवक को टूरिस्ट वीजा के माध्यम से ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर 81 हजार रुपये ठग लिए। साथ ही रुपये मांगने पर आरोपियों ने मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। शहर थाना नरवाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
प्रेम नगर नरवाना निवासी बलवान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा मनोज सिंगापुर में पढ़ाई कर रहा है। वर्ष 2022 में उनका संपर्क रेडवीजन कंसलटेंट से हुआ। इसके मालिक तथा उनकी पार्टनर मोहाली पंजाब निवासी अदिति सिमरन कौर तथा तस्लीन ने कहा कि वह उनके बेटे मनोज को कम खर्च पर टूरिस्ट वीजा दिलाकर ऑस्ट्रेलिया भेज देंगे। इसकी एवज में आरोपियों ने उनसे जनवरी 2023 तक 81000 की राशि ले ली। साथ ही आश्वासन दिया कि मनोज को जल्द ऑस्ट्रेलिया भेज दिया जाएगा। इसके साथ आरोपियों ने दो लाख की डिमांड और शुरू कर दी। जब उन्होंने राशि देने से मना कर दिया और राशि वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे मुकदमे में फंंसाने की धमकी दी। आरोपियों ने उनसे कहा कि समझौते के नाम पर उसे लाखों रुपये और देने पड़ सकते हैं। शहर थाना नरवाना पुलिस ने बलवान की शिकायत पर रेडवीजन कंसलटेंट के मालिक और उसकी पाटनर अदिति सिमरन कौर तथा तस्लीन के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़े के तहत मामला दर्ज किया है।